राष्ट्रसंत चंद्रानन सागर के सान्निध्य में अमृता फडणवीस मुख्य अतिथि, पृथ्वीराज कोठारी और झवेरी का भी होगा सम्मान
7 सितंबर, 2025 / मुंबई। शिक्षा, समाज सेवा, जीव दया, धर्म, संस्कृति एवं विभिन्न कार्यों के लिए देश का प्रतिष्ठित ‘दर्शन सागर अवार्ड – 2025’ इस बार उद्योगपति हितेश दोशी (वारी एनर्जी), विपुल पी शाह (एशियन स्टार), संजय घोड़ावत (घोड़ावत ग्रुप) रमेश जैन (जीएम मॉड्यूलर) एवं सिद्धराज लोढ़ा (शताब्दी गौरव) को दिया जा रहा है। राष्ट्रसंत आचार्य चन्द्रानन सागर सूरीश्वरजी महाराज के सान्निध्य में मुख्य अतिथि श्रीमती अमृता फडणवीस के हाथों ये सम्मान दिए जाएंगे। नाकोड़ा भैरव दर्शन धाम महातीर्थ के चेयरमेन सुखराज नाहर के नेतृत्व में योगी सभागार में 10 सितंबर को सुबह 9.30 बजे होने वाले ‘दर्शन सागर अवार्ड’ का यह विशेष समारोह होने जा रहा है।
‘दर्शन सागर अवार्ड’ समारोह में देश के विभिन्न प्रदेशों सहित विदेश से आये प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। दर्शन सागर अवॉर्ड समिति के प्रवीण शाह और निरंजन परिहार ने बताया कि जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) के एपेक्स चेयरमैन पृथ्वीराज कोठारी एवं विख्यात समाजसेवी विनोद भाई झवेरी का भी सामाजिक सेवाओं के लिए नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। नाकोड़ा भैरव दर्शन धाम महातीर्थ के चेयरमेन सुखराज नाहर के नेतृत्व में होने वाला इस बार का ‘दर्शन सागर अवार्ड’ समारोह पिछले 19 सालों के मुकाबले ज्यादा भव्य और विशेष होने जा रहा है। गच्छाधिपति आचार्य दर्शन सागर सूरीश्वर महाराज की 32वीं पुण्यतिथि पर आयोजित यह विराट आयोजन हो रहा है।
मानवता एवं समाज के प्रत्येक वर्ग के सामुदायिक विकास के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ‘दर्शन सागर अवार्ड’ विजेताओं के
सम्मान में विभिन्न जैन संघों के ट्रस्टी, पदाधिकारी, सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोग बड़ी संख्या में आयोजन में पहुंच रहे रहे हैं। इस बार का दर्शन सागर अवार्ड’ समारोह कुछ विशेष होना जा रहा है। राष्ट्रसंत आचार्य चंद्रानन सागर ने राष्ट्र में शांति, अहिंसा एवं धर्म के वातावरण का निर्माण करने में सहायक बने हितेश दोशी, विपुल शाह, संजय घोड़ावत, रमेश जैन, सिद्धराज लोढ़ा, पृथ्वीराज कोठारी और विनोद झवेरी जैसे देश प्रतिष्ठित लोगों के कार्यों की सराहना की है।
नाकोड़ा भैरव दर्शन धाम महातीर्थ के संस्थापक राष्ट्रसंत चंद्रानन सागर के सान्निध्य में होने वाले विभिन्न आयोजनों में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, उपराष्ट्रपति रहे भैरोंसिंह शेखावत, राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया एवं थावरचंद गहलोत सहित मुख्यमंत्री पद पर रहे उद्धव ठाकरे, वसुंधरा राजे, नारायण राणे सहित दिग्गज नेताओं में बंगारू लक्षमण, पुरुषोत्तम रूपाला, संजय सिंह अमेठी, राज बब्बर, अरुण चतुर्वेदी, संजय निरुपम, नीरज डांगी आदि सांसदों जैसे महत्वपूर्ण लोग भी पूर्व में शिरकत कर चुके हैं। ‘दर्शन सागर अवार्ड’ का देश भर के जैन समाज में बड़ा महत्व है। राष्ट्रीय स्तर पर दिया जाने वाला देश का लब्धप्रतिष्ठित ‘दर्शन सागर अवार्ड’ प्राप्त करने वालों को, परंपरागत तरीके सम्मानित करने के साथ ही सम्मान चिन्ह प्रदान करके अभिनन्दन किया जाएगा।