श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या पी.जी. महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना व रेड रिबन के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद की स्मृति में चल रहे राष्ट्रीय युवा सप्ताह का समापन समारोह बड़े हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम अधिकारी प्रीति शर्मा ने बताया कि स्वामी विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित राष्ट्रीय युवा सप्ताह में संकल्प दौड, जागरूकता रैली, स्वामी विवेकानंद के विचारों पर भाषण, वाद-विवाद, कथनों का वाचन, कविता, निबंध, पोस्टर, स्लोगन, चित्रकला प्रतियोगिता तथा विभिन्न ध्यान सत्रों का आयोजन किया गया । कार्यक्रम के अंतिम दिन सभी स्वयंसेविकाओं ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया ।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए महाविद्यालय प्राचार्य डॉ आर सी लोढा ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा, सोच और निर्णय ही भारत के भविष्य की दिशा निर्धारित करते हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त नशा, बाल विवाह, साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न, बेरोजगारी और कानून के प्रति जागरूकता की कमी जैसी समस्याओं के समाधान में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। इन चुनौतियों से निपटने के लिए युवाओं को जागरूक, शिक्षित और जिम्मेदार बनने की आवश्यकता है।
रेड रिबन अधिकारी निधि पंवार ने युवा छात्राओं को नशे से दूर रहने, कानून का सम्मान करने, बाल विवाह और दहेज जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने तथा डिजिटल युग में साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को महाविद्यालय प्राचार्य डॉ आर सी लोढा ने पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया । कार्यक्रम के सफल आयोजन में एन.एस. एस. अधिकारी कोमल गुप्ता, व डॉ रीना कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही । कार्यक्रम में समस्त संकाय सदस्य, कर्मचारीगण व छात्राएं उपस्थित रही ।