सरकारी मुआवजे के अतिरिक्त होगी यह राशि
प्रत्येक पीड़ित परिवार को मिलेगी सहायता
विधानसभा अध्यक्ष ने ली प्रशासन से जानकारी, राहत कार्य जारी रखने के निर्देश
अजमेर, 7 सितम्बर। बोराज तालाब की पाल टूटने के कारण हुए जलभराव से पीड़ित परिवारों के लिए विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने बड़ा ऎलान किया है। वे अपना एक माह का वेतन एवं 25 लाख रूपए भामाशाहों के सहयोग से पीड़ित परिवारों को देंगे। यह राशि सरकारी मुआवजा राशि के अतिरिक्त होगी। श्री देवनानी ने जिला प्रशासन से सर्वे रिपोर्ट के आधार पर यह राशि देने का फैसला किया है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि राहत कार्य जारी रखे जाएं।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को जिला प्रशासन से स्वास्तिक नगर और आसापास चलाए जा रहे राहत अभियान की जानकार ली। उन्होंने जिला कलक्टर एवं अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत अभियान जारी रखा जाए। अभी वर्षा का दौर बाकी है, ऎसे में अतिरिक्त सावधानी बरती जाए। रेस्क्यू सेन्टर, भोजन, दूध व अन्य सहायता जारी रखी जाए। क्षेत्र में काफी पहाड़ी मलबा एकत्र हो गया है। उसे तुरंत हटाया जाए। इसके लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर निगम, एडीए व अन्य एजेंसियों को तैनात रखा जाए। बोराज तालाब को तुरंत सिंचाई विभाग को हैंडओवर किया जाए ताकि उसे पूरी तरह से मजबूत बनाया जा सके।
श्री देवनानी ने आज अपना एक माह का वेतन स्वास्तिक नगर के प्रभावितों के सहायतार्थ देने की घोषणा की। इसके साथ ही 25 लाख रूपए भामाशाहों के सहयोग से दिलवाए जाएंगे। यह राशि सरकारी सहायता के अतिरिक्त होगी। इसके साथ ही क्षेत्र में सड़कों, नालियों, नालों, रोड लाइट व अन्य विकास कार्यों के लिए विशेष बजट नगर निगम व एडीए से दिलवाया जाएगा।
श्री देवनानी ने तालाब की पाल टूटने के कुछ घंटे बाद ही क्षेत्र का दौरा कर लोगों के हालचाल जाने थे। उन्होंने लोगों से वादा किया था कि क्षेत्र के लोगों की मदद में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। श्री देवनानी के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम 4 सितम्बर से क्षेत्र में तैनात है। लोगों को प्रतिदिन मदद मुहैया कराई जा रही है।