प्राकृतिक व वैदिक रंग ऐसे बनाएं-
हरा रंग- हरा रंग बनाने के लिए हम मेंहदी का इस्तेमाल कर सकते हैं। मेंहदी में आटा मिलाकर बहुत अच्छा हरा रंग तैयार हो सकता है। पालक, धनिया या पुदीने के पत्तों के पेस्ट को पानी में मिलाकर हरा रंग तैयार किया जा सकता है। गुलमोहर के पत्तों को अच्छी तरह सुखा कर पीसकर प्राकृतिक हरा गुलाल तैयार किया जा सकता है। यहाँ तक कि गेहूँ की हरी बालियों, चने के हरे पत्तों को अच्छी तरह पीसकर हरा गुलाल तैयार कर सकते हैं।
पीला रंग- हल्दी और बेसन को मिलाकर हम शुद्ध पीला रंग तैयार कर सकते हैं। आमतौर पर इसे बतौर उबटन शादी-ब्याह व अन्य अवसरों पर भी हमारे घरों में हम इस्तेमाल करते हैं। हल्दी के पीले रंग से त्वचा भी निखरती है। यदि हम चाहें तो हल्दी में बेसन के स्थान पर मुल्तानी मिट्टी या टेल्कम पाउडर भी मिला सकते हैं। यह हमारे स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित होता है। गीले रंग के लिए हम एक बड़ा चम्मच हल्दी को दो लीटर पानी में मिलाकर उबाल सकते हैं। इस घोल को थोड़ा गाढ़ा कर लेने पर यह बिल्कुल पक्का रंग हो जाएगा। चाहें तो हम गेंदे या अमलताश के फूलों को भी पानी में उबालकर रात भर छोड़ सकते हैं और सुबह उससे होली खेल सकते हैं।
लाल रंग- सूखे लाल चन्दन को हम लाल गुलाल की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। लाल चन्दन पॉउडर में पानी मिलाकर गीला रंग तैयार किया जा सकता है। वैसे जासवंती के फूलों को सुखाकर और सिंदूरिया के बीजों की सहायता से भी लाल रंग बनाया जा सकता है। कुछ लोग लाल गुलाब के फूलों, बुरांश के फूलों तथा अनार के छिलकों से भी लाल रंग बनाते हैं। चुकंदर से गुलाबी रंग बनाया जा सकता है। वैसे, टमाटर और गाजर के रस को भी पानी में मिला कर लाल रंग तैयार किया जा सकता है।
गुलाबी, केसरिया व नारंगी रंग- कचनार के फूलों को रात भर भिगोकर भी प्राकृतिक गुलाबी और केसरिया रंग तैयार किया जा सकता है। चटकीला गीला नारंगी टेसू (पलाश) के फूलों को रातभर पानी में भिगो कर तैयार किया जा सकता है। कहते हैं भगवान श्रीकृष्ण भी टेसू के फूलों से होली खेलते थे। वास्तव में, टेसू के फूलों के रंग को होली का पारम्परिक रंग माना जाता है। हरसिंगार के फूलों को पानी में भिगो कर भी नारंगी रंग बनाया जा सकता है।
नीला रंग- नीले रंग के लिए नील के पौधों पर निकलने वाली फलियों को पीस लें और पानी में उबालकर गीला नीला रंग बना सकते हैं। नीले गुड़हल के फूलों को सुखाकर उन्हें पीसकर भी हम प्राकृतिक नीला रंग तैयार कर सकते हैं।
हमारी प्रकृति, हमारे संपूर्ण वातावरण में हर प्रकार के प्राकृतिक रंग मौजूद होते हैं। जरूरत है तो बस हमें थोड़े से ज्ञान और मेहनत की, क्योंकि प्राकृतिक रंगों को तैयार करने के लिए पहले से ही फूलों, पत्तियों आदि को इकट्ठा करना होता है, उन्हें पीसना-कूटना होता है। याद रखिए कि होली आपसी सौहार्द, भाईचारे का त्योहार है और सिंथेटिक रंग,रासायनिक रंगों का प्रयोग हमारे में आपसी कटुता, वैमनस्य, ईर्ष्या की भावनाएं पैदा कर सकते हैं लेकिन प्राकृतिक रंगों से हमें कोई नुकसान नहीं होता है। ये हमारी त्वचा, हमारे स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के बजाय त्वचा को अधिक कोमल बनाते हैं। सिंथेटिक और रासायनिक रंगों से जहां हमें विभिन्न प्रकार की एलर्जी हो सकती है या फिर हमारी त्वचा पर जलन और रैशेज पड़ सकते हैं वहीं प्राकृतिक कलर्स से इस तरह का कोई नुकसान नहीं होता है।होली खेलते वक्त इस हमें इस बात का ख्याल जरूर रखना चाहिए कि हम ऐसे रंगों का प्रयोग बिल्कुल भी न करें, जिनसे हमारी सेहत को नुकसान पहुंचता हो। इसके साथ ही हमें ये भी देखने की जरूरत है कि हम खुद होली के त्यौहार पर कैसे रंगों का इस्तेमाल कर रहे हैं। प्राकृतिक रंगों या नेचुरल कलर्स के साथ होली खेलने का अपना अलग ही मजा होता है। यह बहुत गलत है कि आज लोग बाजार से जिस काले रंग का प्रयोग करते हैं, उसमें लेड ऑक्साइड का इस्तेमाल होता है जो कि किडनी के लिए बहुत नुकसानदायक साबित होता है।वहीं हरा रंग भी कॉपर सल्फेट जैसे पदार्थों से बनता है जो कि आंखों के लिए अच्छा नहीं है। इससे आंखों में एलर्जी, सूजन इत्यादि होने का खतरा रहता है। इसी प्रकार से लाल रंग को मरक्यूरी सल्फाइट से बनाया जाता है जिससे त्वचा कैंसर होने का खतरा रहता है। आज सिंथेटिक व रासायनिक कलर्स बहुत सस्ते मिलते हैं, इसलिए अधिकतर लोग इन्हीं रंगों का प्रयोग करते हैं, जबकि प्राकृतिक रंग महंगे जरूर हैं लेकिन इनके फायदे हैं। रासायनिक कलर्स के प्रयोग से जहाँ बालों के गिरने की समस्या हो जाती है वहीं डैंड्रफ की समस्या भी जन्म लेती है जबकि हर्बल और जैविक रंगों से बालों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचता है। वैसे भी प्राकृतिक रंग औषधीय पौधों से बनाये जाते हैं। प्राकृतिक रंग गैर-विषैले और गैर-खतरनाक होते हैं। हल्दी, पलाश, गेंदा,आंवला,हीना, चंदन, फलों-फूलों से बने प्राकृतिक रंगो से होली खेलने पर हमारे शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता में जहां एक ओर बढ़ोतरी होती हैं, वहीं दूसरी ओर इससे ग्रीष्म ताप सहन शक्ति व सप्तधातुओं के संतुलन में भी अभूतपूर्व वृद्धि होती है। वास्तव में होली मनाने का असली सार वैदिक और प्राकृतिक रंगों में ही समाया हुआ है। वैसे भी होली सादगी का ही त्योहार है। यह बुराई पर अच्छाई की जीत का त्योहार है। होली का त्यौहार हमें हिल-मिलकर सादगीपूर्ण जीवन जीने का संदेश देता है। इसमें जो रंग उड़ते दिखाई देते हैं वे प्यार के रंग हैं, तकरार और वैमनस्यता के नहीं। होली दुश्मन को भी दोस्त बनाने वाला त्यौहार है। हम होली के वास्तविक स्वरूप को समझेंगे तभी स्वाभाविक रूप से हमें होली का संदेश भी समझ में आएगा। इसलिए आइए इस होली हम वैदिक और प्राकृतिक रंगों से होली खेलें और इस त्योहार की गरिमा,सौहार्द, आपसी मेल-मिलाप व भाईचारे की भावनाओं को हमेशा हमेशा के लिए बनाये रखें।
सुनील कुमार महला,
स्वतंत्र लेखक व युवा साहित्यकार
पटियाला, पंजाब
मोबाइल 09828108858